हरदोई। जिले के मल्लावां तहसील क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत के बावजूद प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। पीड़ित पक्ष ने उपजिलाधिकारी (SDM) सहित उच्च अधिकारियों को लिखित शिकायत देने के बाद भी न्याय न मिलने की बात कही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम गंगारामपुर, कस्बा मल्लावां निवासी राकेश कुमार ने अपनी पैतृक भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कुछ लोगों द्वारा गलत तरीके से विरासत दर्ज कराकर जमीन पर कब्जा किया जा रहा है और बिना किसी वैध बंटवारे के निर्माण कार्य भी कराया जा रहा है।
पीड़ित के अनुसार, जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों द्वारा गाली-गलौज और जानमाल की धमकी दी गई। इस मामले में 16 फरवरी 2026 को उपजिलाधिकारी व अपर जिलाधिकारी को लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
राकेश कुमार का कहना है कि प्रशासन की निष्क्रियता के चलते अवैध कब्जाधारी लगातार निर्माण कार्य कर रहे हैं, जो पूरी तरह नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि अवैध निर्माण को तत्काल रोका जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

स्थानीय लोगों में भी इस मामले को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो इससे कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में कब तक संज्ञान लेकर कार्रवाई करता है या पीड़ित को न्याय के लिए और इंतजार करना पड़ेगा।

